जशपुरनगर :- जिले में धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है। दुलदुला विकास खंड के कस्तूरा मंडी से रहस्यमयी तरीके से 1400 क्विंटल धान आश्चर्यजनक तरीके से गायब हो गई है। स्थानीय किसानों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने इस मामले में 6 सदस्यी जांच टीम का गठन किया है।
इस गड़बड़ी की जांच होने पर बड़ा मामला का खुलासा होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यहां के किसानों ने कुनकुरी के एसडीएम नंदजी पांडे से धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत की थी। किसानों का आरोप था कि समिति ने किसानों से कम धान खरीद कर अधिक धान की खरीदी रिकार्ड में दर्ज किया है। इस शिकायत की जांच के लिए जिला प्रशासन ने कुनकुरी के तहसीलदार के नेतृत्व में 6 सदस्यी जांच दल का गठन किया गया है। इस जांच दल ने कस्तूरा धान मंडी में खरीदे गए धान के स्टाक की जांच की है। सूत्रों के अनुसार इस जांच में समिति में 3500 बोरा (1400 क्विंटल) धान की कमी पाई गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी क्यों और कैसे हुई है? मामले की जांच पूरी होने पर धान खरीदी में हुई इस गड़बड़ी में बड़ा मामला उजागर हो सकता है। कस्तूरा धान खरीदी केंद्र में विपणन वर्ष 2023-24 में खरीदी प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी सामने आई थी। समिति के प्रबंधक सुलेश राम ने बताया कि बीते वर्ष केंद्र में 400 क्विंटल धान की कमी आई थी। इसमें से सूखत एडजस्ट करने के बाद 6 लाख रूपए की वसूली की कार्रवाई प्रशासन ने की थी। इस गड़बड़ी के बाद तात्कालिन प्रबंधक सुनील साहू को पद से हटा दिया गया है।
‘सरकार द्वारा निर्धारित नियम और गाइडलाइन के अनुसार धान खरीदी की जा रही है। जितना खरीदी रिकार्ड में दर्ज है,समिति के पास उतनी मात्रा में धान स्टाक में मौजूद है।’
सुलेश राम,प्रबंधक,कस्तूरा सहकारी समिति।
‘जांच समिति ने मामले की जांच की है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’
नंदजी पांडे,एसडीएम,कुनकुरी।